मुरादाबाद। जनगणना-2027 की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन के संबंध में जिलाधिकारी श्री अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य की तैयारियों, स्व-गणना की प्रक्रिया तथा जनसामान्य की सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने एडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना-2027 के महत्व को देखते हुए इसके प्रति आमजन को जागरूक किया जाए तथा स्व-गणना की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं सही जानकारी का विशेष महत्व है।

उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज करने के लिए स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ही निर्धारित पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं भर सकेंगे। स्व-गणना की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।
इसके उपरांत 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक नागरिकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराते हुए जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित जानकारी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक रूप से प्रसारित की जाए@शांतनु/INN
