मुरादाबाद। दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में कांठ रोड स्थित मिगलानी सेलिब्रेशन में आयोजित दो दिवसीय व्यापारिक एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने पहुंचकर सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में विभिन्न व्यापारियों एवं उद्यमियों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का भ्रमण कर उनका अवलोकन किया और उनके उत्पादों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने प्रदर्शनी में सजाए गए विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर वहां प्रदर्शित उत्पादों, आकर्षक वस्तुओं एवं व्यापारिक गतिविधियों को देखा। उन्होंने व्यापारियों और उद्यमियों से संवाद करते हुए उनके व्यवसाय, उत्पादों की विशेषताओं तथा विपणन से जुड़ी जानकारियां भी हासिल कीं। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के उत्पादों को एक ही स्थान पर प्रदर्शित करने के साथ ही ग्राहकों को खरीदारी के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि व्यापारिक एवं प्रदर्शनी जैसे आयोजन स्थानीय व्यापार, उद्यमिता और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय व्यापारियों एवं छोटे-बड़े उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहचान स्थापित करने, नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने और अपने व्यवसाय का विस्तार करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर इस प्रकार के आयोजन बाजार में उत्साह का वातावरण बनाने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करते हैं। व्यापारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है।

विधायक ने इस सुंदर एवं आकर्षक आयोजन के लिए आयोजकों और इसमें सहभागिता करने वाले समस्त व्यापारी बंधुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को गति देने और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया@शांतनु/INN
