मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट, जान से मारने की धमकी और दबाव बनाकर समझौता कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले निकाह का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और बाद में निकाह से इनकार कर दिया। शिकायत करने पर उसे धमकियां भी दी गईं।
भोजपुर कस्बे के मोहल्ला आंगा, धर्मपुर निवासी महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका पति मजदूरी के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है, जिससे वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती है। इसी दौरान मोहल्ले के एक युवक ने फोन पर बातचीत के माध्यम से उससे संपर्क बढ़ाया और विश्वास में लेकर निकाह का वादा किया। महिला का आरोप है कि इसी झांसे में आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने निकाह करने का दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा और अंततः निकाह से साफ इनकार कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि 2 अगस्त 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और निकाह की बात दोहराने पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के मामा ने उस पर समझौते का दबाव बनाया। उन्होंने पैसे लेकर मामला खत्म करने की बात कही और शिकायत वापस न लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता का कहना है कि स्थानीय थाना स्तर पर सुनवाई नहीं होने के कारण उसे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की शरण लेनी पड़ी। एसएसपी के निर्देश पर भोजपुर पुलिस ने आरोपों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि या खंडन संभव होगा@जफर/INN
