मुरादाबाद, 3 अगस्त। चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह के साथ थाना भोजपुर क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने चेहल्लुम से जुड़े कार्यक्रम स्थलों, ताजिया जुलूस के प्रस्तावित मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती एवं अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही क्षेत्र में पैदल गश्त कर स्थानीय लोगों से संवाद भी स्थापित किया, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, जुलूस मार्गों पर भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी प्रबंधन करने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि आयोजकों एवं स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे चेहल्लुम का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हो सके।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके@जफर/INN
