मुरादाबाद/लखनऊ। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सोमवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई विकास प्रस्ताव रखे। उन्होंने ग्राम पंचायत सिरसखेड़ा में 132 केवी ट्रांसमिशन बिजली घर की स्थापना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने तथा डींगरपुर में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विद्युत ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, नई सड़कों के निर्माण, जर्जर सड़कों के विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण तथा डियर पार्क से अक्का डिलारी, चमरूआ और मुंडिया मलूकपुर होते हुए रामपुर एनएच-09 तक लगभग 32 किलोमीटर लंबे स्टेट हाईवे के निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में बिजली, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उनकी जनहितकारी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी@शांतनु/INN
