तमिलनाडु में डीएमके नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन एक विवादित बयान को लेकर घिर गए हैं। कावेरी जल विवाद को लेकर तंजावुर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान अभिनेत्री तृषा का नाम लिए जाने के बाद उनके कथित दोहरे अर्थ वाले बयान और इशारे पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज करने के बाद उन्हें हिरासत में लिया है।
दरअसल, कावेरी नदी के पानी के मुद्दे को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन में उदयनिधि स्टालिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधते हुए कावेरी जल को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
इसी बीच प्रदर्शन में मौजूद कुछ लोगों ने अभिनेत्री तृषा के नाम के नारे लगाने शुरू कर दिए। वायरल हो रहे वीडियो में उदयनिधि इन नारों पर प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं। उनके कथित बयान को लेकर अब सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक विवाद तेज हो गया है। आलोचकों ने इसे महिला के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी बताते हुए उदयनिधि की आलोचना की है।
विवाद बढ़ने के बाद टीवीके नेताओं ने भी डीएमके नेता पर हमला बोला है। पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया कि राजनीतिक बहस को व्यक्तिगत और आपत्तिजनक टिप्पणियों तक ले जाना उचित नहीं है। टीवीके ने उदयनिधि से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस कार्रवाई ने मामले को और तूल दे दिया है। उदयनिधि के खिलाफ दर्ज केस को लेकर उन्होंने मद्रास हाई कोर्ट का भी रुख किया है और अग्रिम जमानत की मांग की है।
फिलहाल, कथित टिप्पणी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है और मामले पर आगे की पुलिस एवं कानूनी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
