मुरादाबाद। भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव सिरसवां हरचंद में एक 23 वर्षीय युवक का शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित आम के बाग में पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव सिरसवां हरचंद निवासी योगेन्द्र यादव (23) पुत्र हरपाल सोमवार रात करीब नौ बजे घर से निकला था। देर रात ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित आम के बाग में उसका शव कपड़े की चादर के सहारे पेड़ से लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही भगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के उपरांत जैसे ही शव घर पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की दो बहनें हैं और वह परिवार का इकलौता भाई बताया जा रहा है। उसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
