मुरादाबाद, 05 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह भी मौजूद रहे। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी तथा अन्य विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में तथ्यों की गहनता से जांच कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा थाना स्तर पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निस्तारण थाना स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और न ही शिकायतकर्ताओं को पुलिस कार्यालय आने के लिए विवश किया जाए।

उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी थानों की महिला हेल्पडेस्क को और अधिक सक्रिय एवं संवेदनशील बनाने के निर्देश दिए। कहा कि महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा पीड़िताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जनसुनवाई के दौरान एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों से कई प्रकरणों की प्रगति की जानकारी भी ली और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कानून के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए@शांतनु/INN
