दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में नया अपडेट सामने आया है। शिकायत दर्ज कराने वाली गाजियाबाद निवासी स्मृति सिंह ने अब अपनी शिकायत वापस लेने का फैसला किया है।
स्मृति सिंह के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इसी को लेकर उन्होंने नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में एक नाबालिग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
घटना दिल्ली से जुड़ी होने के कारण नोएडा पुलिस ने शिकायत को जीरो एफआईआर के तौर पर दर्ज किया था। बाद में मामले की जांच दिल्ली पुलिस को सौंप दी गई।
शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रधानमंत्री की ओर से बच्चों को माफ किए जाने की बात और संबंधित नाबालिग के सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के बाद उन्होंने शिकायत आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।
स्मृति सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी बच्चे को सजा दिलाना नहीं था, बल्कि प्रदर्शन के दौरान की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग करना था। अब नाबालिग की सार्वजनिक माफी के बाद उन्होंने अपनी शिकायत वापस लेने का निर्णय लिया है।
