झांसी में एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसा पूंछ थाना क्षेत्र में हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में अबान अहमद के अलावा उसके दोस्त सोनू की भी मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में मोहम्मद जैद और उमर समेत अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को पुलिस ने मौके से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने के लिए जा रहे थे। अली अहमद को अक्टूबर 2025 में नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वजह और कार की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
अबान अहमद, अतीक अहमद के छोटे बेटों में शामिल था। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के चलते बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। अक्टूबर 2023 में दोनों को वहां से रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था।
फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी साक्ष्य जुटा रही है और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच जारी है।
