हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चुराह उपमंडल के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर देवीकोठी के पास चालुज मोड़ पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर समेत सात लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब सात यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस शर्मा ट्रैवलर्स की थी। बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करने के बाद चालुज मोड़ के पास अचानक ड्राइवर का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और वाहन दूसरी सड़क पर जा गिरा।
हादसे के वक्त बस में करीब 15 से 20 लोग सवार थे। बस के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त बस से यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे में जान गंवाने वालों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, घायल यात्रियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा ले जाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका है कि बस के मलबे के नीचे कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं, जिसके चलते राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
तीसा थाना के एडिशनल एसएचओ अनुभव शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।
