मुरादाबाद। बिलारी में खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने भगवान परशुराम पार्क का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना एवं आरती की। कार्यक्रम में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

पार्क के शुभारंभ के बाद जनसभा का आयोजन किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी देवेश कुमार शर्मा समेत क्षेत्रीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद को लेकर हमला
जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए। उन्होंने विपक्ष पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब जनता काम और विकास के आधार पर राजनीतिक दलों का मूल्यांकन कर रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को अपने शासनकाल में किए गए कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। जनता अब केवल राजनीतिक नारों के बजाय विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता करने से पहले यह बताना चाहिए कि कांग्रेस की लगभग 55 वर्षों की सरकारों के दौरान केंद्र और राज्यों में ऐसे कौन से पांच बड़े काम किए गए, जिन्हें वे आज जनता के सामने उदाहरण के तौर पर रख सकते हैं।
मंत्री ने कहा कि देश सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि देश रहेगा तो राहुल गांधी भी रहेंगे और मनोज पांडेय भी रहेगा। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मजबूत लोकतंत्र के लिए एक सशक्त विपक्ष जरूरी है और विपक्ष को सरकार को समय-समय पर सकारात्मक सुझाव देने चाहिए।
हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण छात्र आंदोलनों के दौरान भी विपक्ष की ओर से असामाजिक तत्वों को भेजे जाने की राजनीति की जाती है। उन्होंने कहा कि देश की युवा पीढ़ी और Gen-Z को बदनाम करने के बजाय उनके मुद्दों को समझने की जरूरत है।
PDA के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
PDA के मुद्दे पर भी मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि PDA से जुड़ा समाज भाजपा के साथ खड़ा है। विपक्ष से सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में रहने के दौरान उसे PDA की याद क्यों नहीं आई और सत्ता से बाहर होने के बाद ही इस मुद्दे को प्रमुखता क्यों दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब जातीय और परिवारवादी राजनीति से आगे निकलकर विकास, सुशासन और काम के आधार पर अपना निर्णय ले रही है।
कार्यक्रम के समापन के बाद कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय वरिष्ठ समाजसेवी देवेश कुमार शर्मा के आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने भोज किया और स्थानीय लोगों तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा की। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे@जफर/INN
