मुरादाबाद। श्रावण मास में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का मुरादाबाद में जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कांठ रोड पर कांवड़ पथ से गुजर रहे श्रद्धालुओं पर अधिकारियों ने पुष्प बरसाए और उन्हें फल वितरित किए। इस दौरान पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान के अनुरूप कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को फल, पेयजल और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जगह-जगह भंडारों का भी आयोजन किया गया है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल और अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने कांवड़ पथ पर पहुंचकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। अधिकारियों ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की और उन्हें फल वितरित किए। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किए गए इस स्वागत से कांवड़िए उत्साहित नजर आए।

कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विभिन्न विभागों द्वारा आपसी समन्वय से कार्य किया जा रहा है। कांवड़ मार्ग पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गंगाजल लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं का सम्मान
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि गंगा का जल अत्यंत पवित्र माना जाता है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। शासन के निर्देशों के अनुरूप कांवड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के सम्मान और स्वागत के लिए कांवड़ मार्ग पर पुष्प वर्षा की गई तथा फल वितरित किए गए। प्रशासन का प्रयास है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

मुरादाबाद में प्रशासन और नगर निगम की ओर से किए गए इस स्वागत से कांवड़ मार्ग पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। पुष्प वर्षा के बीच कांवड़ियों के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया@शांतनु/INN
