मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक चौधरी सौलत अली के खिलाफ फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर कथित तौर पर आपत्तिजनक, अभद्र एवं भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने और उनके भांजे से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, रकम न देने पर वादी को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, गांव ठीकरी निवासी मोहम्मद वसीम पुत्र मोहम्मद मोबीन ने 9 अगस्त को भोजपुर थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके मामा एवं पूर्व विधायक चौधरी सौलत अली को बदनाम करने के उद्देश्य से ‘मुरादाबाद प्रिंस’ नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई और उसके माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित कीं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने वादी से पांच लाख रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर भोजपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहत अली पुत्र जहूर शेख, निवासी ग्राम रहमतनगर जैतपुर, थाना भोजपुर, हाल निवासी करुला, थाना कटघर तथा नईम पुत्र मोहम्मद अली, निवासी ग्राम दौलपुरी बमनिया, थाना भगतपुर, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया@जफर/INN
