अमरोहा/मंडी धनौरा। सावन माह में कांवड़ यात्रा को लेकर नगर में भक्ति का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह शिवभक्तों की सेवा के लिए शिविर लगाए गए हैं। मोहल्ला हरदेव बाजार में रविवार को स्कूल की छुट्टी के दिन नन्हे बच्चे भी कांवड़ियों की सेवा करते नजर आए।
बच्चों ने खेलकूद में समय बिताने के बजाय हाथों में पानी, जलजीरा और कोल्ड ड्रिंक लेकर कांवड़ मार्ग पर पहुंचकर शिवभक्तों को ठंडे पेय पदार्थ वितरित किए। गर्मी में राहत मिलने पर कांवड़ियों ने बच्चों को आशीर्वाद दिया।
परिजनों ने बताया कि बच्चों में बचपन से ही सेवा और संस्कार की भावना विकसित हो, इसी उद्देश्य से उन्हें कांवड़ियों की सेवा के लिए प्रेरित किया गया है। बच्चों ने कहा कि भोलेनाथ के भक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। नन्हे बच्चों की यह सेवा राहगीरों और कांवड़ियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है/INN
