मुरादाबाद। तहसील ठाकुरद्वारा क्षेत्र के ग्राम बलिया में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वन विभाग की रेस्क्यू टीम द्वारा लगाए गए केज ट्रैप में तेंदुआ फंस गया। तेंदुए के रेस्क्यू की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर सक्रिय हुई और निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में तेंदुए की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग की ओर से निगरानी बढ़ाई गई थी। ग्रामीणों की सुरक्षा और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रेस्क्यू टीम द्वारा क्षेत्र में केज ट्रैप लगाया गया था। सोमवार तड़के करीब 4 बजे तेंदुआ इस केज ट्रैप में कैद हो गया।
तेंदुए के ट्रैप में फंसने की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पूरी सावधानी और संवेदनशीलता के साथ तेंदुए को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया। इस दौरान मौके पर अनावश्यक भीड़ न जुटने देने और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने का भी ध्यान रखा गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए निगरानी और सतर्कता लगातार जारी रखी जा रही है। रेस्क्यू के बाद भी वन विभाग की टीम क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार का खतरा न हो।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल अथवा खेतों की ओर जाते समय विशेष सावधानी बरतें और तेंदुए अथवा किसी अन्य वन्यजीव की मौजूदगी की स्थिति में उसके करीब जाने या उसे उकसाने का प्रयास न करें। वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ समय से वन्यजीवों की गतिविधियां सामने आती रही हैं। ऐसे में वन विभाग की रेस्क्यू टीम संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही है। बलिया गांव में तेंदुए का सफल रेस्क्यू ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
वन विभाग की टीम की सक्रियता और समय रहते किए गए रेस्क्यू से संभावित अप्रिय घटना को टालने में मदद मिली है। क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी फिलहाल जारी है@जफर/INN
