रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्रों ने विधानसभा की ओर मार्च किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।
विधानसभा की सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स को छात्रों ने एक के बाद एक पार किया। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने छह बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद आखिरी बैरिकेड के पास पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछार के बावजूद कई छात्र मौके पर डटे रहे और नारेबाजी करते नजर आए।
इधर, मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में बाबूलाल मरांडी को खेलगांव स्थित कैंप जेल ले जाया गया।
हिरासत में लिए जाने के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के छात्र पिछले करीब 15 दिनों से सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता मुख्यमंत्री से मिलकर छात्रों की मांगों पर कार्रवाई की मांग करना चाहते थे, लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री आवास के बाहर ही रोक दिया गया।
मरांडी ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा और सरकार को इसका जवाब दिया जाएगा।
वहीं, आंदोलन में पिछले कई दिनों से अनशन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी विधानसभा मार्च में पहुंचे। स्वास्थ्य कमजोर होने के कारण वह पैदल चलने की स्थिति में नहीं थे, इसलिए छात्रों ने उन्हें स्ट्रेचर पर बैठाकर मार्च में शामिल कराया। मौके पर छात्रों ने उनका स्वागत भी किया।
प्रदर्शन के दौरान एक छात्र ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जन्मदिन का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपनी मांगों को मुख्यमंत्री से ‘रिटर्न गिफ्ट’ के तौर पर पूरा कराने की उम्मीद कर रहे हैं।
फिलहाल विधानसभा के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
