मुरादाबाद। सावन माह के दूसरे सोमवार को कांवड़ यात्रा और मंदिरों में जलाभिषेक को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुरादाबाद कुंवर आकाश सिंह ने जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों और प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी ग्रामीण ने सबसे पहले थाना छजलैट क्षेत्रांतर्गत कैंच की पुलिया पहुंचकर कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को करीब से परखा तथा मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कांवड़ियों से संवाद कर उनकी सुविधाओं और किसी प्रकार की समस्या के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने मार्ग पर बनाए गए स्वास्थ्य कैंप का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक दवाओं तथा कांवड़ियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण थाना कांठ क्षेत्रांतर्गत ग्राम लाडलाबाद स्थित मंदिर पहुंचे। यहां सावन माह के दूसरे सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किया जा रहा था। एसपी ग्रामीण ने मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया।

उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा यातायात व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी निगरानी व्यवस्था को भी परखा गया, ताकि मंदिर परिसर एवं आसपास होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी नजर रखी जा सके।
एसपी ग्रामीण ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सावन माह के दौरान कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी मुस्तैदी से तैनात रहें और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ मार्गों और प्रमुख मंदिरों पर पुलिस की सक्रियता के चलते सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का सिलसिला जारी रहा@जफर/INN
