मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. शिवपाल यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अगली सरकार समाजवादी पार्टी की बनेगी। मुरादाबाद पहुंचे शिवपाल यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला और संभल दंगा रिपोर्ट से लेकर जौहर यूनिवर्सिटी, आजम खां के परिवार और विपक्षी गठबंधन तक कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
संभल दंगा रिपोर्ट को लेकर शिवपाल यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा नेताओं को फंसाने के लिए गलत रिपोर्ट तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने की कार्रवाई की जाएगी।
‘2027 में बनाएंगे सरकार’
2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुटी है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को हटाने का मन बना चुकी है और किसान, व्यापारी तथा मजदूर समेत समाज का हर वर्ग भाजपा से परेशान है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है। इसी उद्देश्य को लेकर पार्टी नेतृत्व लगातार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दौरा कर रहा है।
भाजपा पर तीखा हमला
भाजपा पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव ने कहा, “ये चोरों की पार्टी है। राम मंदिर में चोरी से बड़ा अधर्म कोई नहीं हो सकता, ये अधर्मियों की पार्टी है।” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी राम मंदिर बनाने की विरोधी नहीं रही, लेकिन भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों पर काम करने में विफल रही है।
शिवपाल यादव ने विकास कार्यों, किसानों, मजदूरों और छात्रों के मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
‘बसपा से कोई मतलब नहीं, कांग्रेस के साथ हैं’
विपक्षी गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का बसपा से कोई मतलब नहीं है और वह कांग्रेस के साथ है। उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की संभावित रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
आजम खां के परिवार से मिलने जाएंगे
शिवपाल यादव ने बताया कि वह बुधवार को आजम खां के परिवार से मुलाकात करने जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह जौहर यूनिवर्सिटी के साथ खड़ी है। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
शिवपाल यादव के बयानों से साफ है कि समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के खिलाफ अपना राजनीतिक हमला तेज कर दिया है। संभल दंगा रिपोर्ट, जौहर यूनिवर्सिटी और आजम खां के परिवार से जुड़े मुद्दों को लेकर सपा आने वाले दिनों में सरकार को घेरने की रणनीति पर आगे बढ़ती दिखाई दे रही है@शांतनु/INN
