महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सख्ती जारी है। इसी कड़ी में महाराष्ट्र राज्य खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने क्विक-कॉमर्स कंपनी Blinkit से जुड़े एक प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर गंदगी, कॉकरोच का प्रकोप और खाद्य पदार्थों के भंडारण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद कंपनी के खाद्य लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है।
FDA के बृहन्मुंबई विभाग की टीम ने 7 अगस्त 2026 को मुंबई के मलाड वेस्ट स्थित Blink Commerce Pvt. Ltd. के एक परिसर का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े कई मानकों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई।
फलों और सब्जियों के पास मिले कॉकरोच
निरीक्षण के दौरान फल और सब्जियों के स्टॉक वाले हिस्से में बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा खाद्य सामग्री के रखरखाव में भी लापरवाही मिली। कुछ सामान फर्श पर रखा हुआ था, जबकि कई रैक जंग लगे पाए गए।
कोल्ड स्टोरेज की सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। अधिकारियों को वहां एक्सपायर्ड, खराब और कथित तौर पर छेड़छाड़ किए गए पैकेज्ड खाद्य पदार्थों का स्टॉक भी मिला।
स्टोरेज और हाइजीन को लेकर कई खामियां
FDA के निरीक्षण में कीट और चूहों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने, कचरा प्रबंधन में कमी और परिसर की साफ-सफाई ठीक नहीं होने जैसी खामियां भी सामने आईं। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों की मेडिकल जांच और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
जांच में खाद्य पदार्थों के स्टॉक को व्यवस्थित तरीके से रखने और FIFO/FEFO प्रणाली का पालन नहीं किए जाने की बात भी सामने आई।
अगले आदेश तक खाद्य कारोबार पर रोक
इन कथित गंभीर कमियों को देखते हुए FDA ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत Blink Commerce Pvt. Ltd. का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है।
लाइसेंस निलंबित रहने के दौरान संबंधित परिसर से खाद्य पदार्थों की बिक्री, वितरण या अन्य खाद्य कारोबार पर रोक रहेगी। FDA ने स्पष्ट किया है कि निलंबन के बावजूद यदि वहां खाद्य कारोबार संचालित पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
