मुरादाबाद। जिले के पशुपालकों और किसानों के लिए एक राहत भरी खबर है। पशुओं में होने वाली जानलेवा बीमारी खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) की रोकथाम के लिए जिले में वृहद निशुल्क टीकाकरण महाभियान जोरों पर है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) सुनील दत्त के निर्देशन में ‘राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम’ के तहत चल रहे इस अभियान में जिले के लगभग पौने चार लाख (3.75 लाख) गोवंशीय और महिषवंशीय (गाय और भैंस) पशुओं को सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें रोस्टर के हिसाब से घर-घर जाकर यह टीका लगा रही हैं। अगस्त माह के अंत या सितंबर के शुरुआती सप्ताह तक चलने वाले इस महाभियान में अब तक एक लाख से अधिक पशुओं को टीकाकृत किया जा चुका है।
दूध उत्पादन और जान पर मंडराता है खतरा
खुरपका और मुंहपका एक बेहद संक्रामक और घातक बीमारी है, जो मुख्य रूप से गाय और भैंसों को अपना शिकार बनाती है। सीवीओ सुनील दत्त के अनुसार, इस रोग की चपेट में आने से पशुओं की कार्यक्षमता बुरी तरह प्रभावित होती है। इससे न केवल दुधारू पशुओं के दूध देने की क्षमता घट जाती है, बल्कि कई मामलों में पशुओं की अकाल मृत्यु तक हो जाती है। हर साल नियमित रूप से यह निशुल्क टीकाकरण अभियान चलाए जाने के कारण फिलहाल जिले में इस बीमारी का कोई भी मामला सामने नहीं आया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
21 टीमें रोस्टर के हिसाब से कर रहीं बचाव
पशुओं को इस गंभीर बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जिले भर में 21 विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो अलग-अलग ब्लॉकों और गांवों में एक निर्धारित रोस्टर के अनुसार जाकर निशुल्क टीकाकरण कर रही हैं। यह टीका साल में एक बार लगाया जाता है, जिससे पशुओं में साल भर के लिए प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है। घर-द्वार पर मिल रही इस सुविधा से किसानों को अपने पशुओं को दूर अस्पतालों तक ले जाने की जहमत नहीं उठानी पड़ रही है।
टीका छूटने पर यहां कर सकते हैं संपर्क
अभियान की व्यापकता को देखते हुए विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कोई भी पशु टीके से वंचित न रहे। यदि किसी कारणवश कोई गांव, गली या कोई पशुपालक छूट जाता है, तो उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे पशुपालक अपने नजदीकी ब्लॉक स्तरीय पशु चिकित्सालय में जाकर इसकी सूचना दे सकते हैं। सूचना प्राप्त होते ही पशु चिकित्सालय की टीम उस छूटे हुए क्षेत्र में पहुंचेगी और वहां के पशुओं का निशुल्क टीकाकरण सुनिश्चित करेगी@जफर/INN
