मुरादाबाद। मंगलवार दोपहर शहर में भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला और शिवसेना जिलाध्यक्ष नन्हें चौधरी के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज और हाथापाई होने की बात सामने आई है। घटना का करीब दो मिनट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक सड़क हादसे को लेकर हुई। नन्हें चौधरी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला की कार से एक स्कूटी सवार बच्चे को टक्कर लग गई थी। हादसे के बाद घायल बच्चे को बचाने के लिए नन्हें चौधरी मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल भिजवाया। उनका आरोप है कि इसी घटना को लेकर बाद में गिरीश भंडूला के ड्राइवर और गनर से उनकी कहासुनी हुई।

नन्हें चौधरी का कहना है कि घटना के समय गिरीश भंडूला स्वयं कार में मौजूद नहीं थे। उनका ड्राइवर और गनर उन्हें एक कार्यक्रम से लेकर वापस आ रहे थे। हादसे के बाद घायल बच्चे को अस्पताल भेजे जाने के बाद नन्हें चौधरी अपनी दुकान पर लौट आए थे।
दुकान पर पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद
आरोप है कि हादसे के कुछ देर बाद भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला हरथला स्थित शिवसेना नेता नन्हें चौधरी की दुकान पर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया और मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
वायरल वीडियो में दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस और एक-दूसरे को गालियां देने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद गनर और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।
थाने में दी गई तहरीर, अब समझौते की बातचीत
घटना के बाद शिवसेना नेता नन्हें चौधरी की ओर से गिरीश भंडूला के खिलाफ थाना सिविल लाइंस में तहरीर दिए जाने की बात सामने आई है। वहीं, मामले को लेकर दोनों पक्ष पुलिस के सामने पहुंच गए हैं।

खबर लिखे जाने तक थाना सिविल लाइंस में दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी। पुलिस दोनों पक्षों की बात सुन रही है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई और समझौते को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना के वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई और दोनों पक्षों के बीच होने वाली बातचीत के नतीजे पर है@शांतनु/INN
