दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को लेकर मंगलवार को बड़ी खबर सामने आई। हुगली पुलिस ने उन्हें एक युवती की शिकायत से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पोरेल ने शादी का भरोसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने मंगलवार सुबह अभिषेक पोरेल को हिरासत में लेकर कई घंटों तक पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद दोपहर में उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई। गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर उन्हें चिनसुराह कोर्ट में पेश किया गया।
यह मामला हुगली के मोगरा थाने में दर्ज शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता मेडिकल की छात्रा है। उसका आरोप है कि अभिषेक पोरेल ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों के बीच निजी पलों को कथित तौर पर रिकॉर्ड किया गया था।
शिकायत में महिला ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई थी। हालांकि, बाद में उसे पोरेल के दूसरी महिलाओं के साथ कथित संबंधों की जानकारी मिली। इसके बाद उसने पुलिस का रुख किया।
मामले में मंगलवार को अग्रिम जमानत पर भी सुनवाई होनी थी। इससे पहले कलकत्ता हाई कोर्ट ने पुलिस को अभिषेक पोरेल की गिरफ्तारी की अनुमति देने का आदेश दिया था। अब पुलिस मामले से जुड़े आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
