मुरादाबाद। थाना डिलारी क्षेत्र के गांव मिलकपुर सेमली के जंगल में मंगलवार को तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह तथा वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जंगल और आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया।
अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस और वन विभाग की टीमों ने जंगल के भीतर तथा आसपास के संभावित स्थानों पर काफी देर तक तलाश की। टीम ने ग्रामीणों से भी बातचीत कर तेंदुए की गतिविधियों और उसके दिखाई देने से जुड़ी जानकारी जुटाई। हालांकि सर्च अभियान के दौरान तेंदुए की मौजूदगी की कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी।
तेंदुए की सूचना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। ग्रामीणों से कहा गया कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं और अकेले घरों से बाहर निकलने से बचें। खासतौर पर बच्चों को जंगल और खेतों की ओर न भेजने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने संबंधित पुलिसकर्मियों और वन विभाग की टीम को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी ग्रामीण को जंगल या आसपास के क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल पुलिस अथवा वन विभाग को सूचना देने के लिए कहा गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वन विभाग और पुलिस की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। संभावित खतरे को देखते हुए जंगल से सटे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई कि तेंदुए की सूचना मिलने पर घबराने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रहें और स्वयं तेंदुए की तलाश करने का प्रयास न करें।
मंगलवार को चलाए गए इस सर्च अभियान के बाद पुलिस और वन विभाग की टीमें क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए हैं। तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि के लिए संभावित स्थानों पर नजर रखी जा रही है@जफर/INN
