कोलकाता से चेन्नई जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E-723 में लैंडिंग से कुछ देर पहले तकनीकी खराबी सामने आने से हड़कंप मच गया। विमान के बाएं इंजन में समस्या की जानकारी पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी, जिसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर रात 11:29 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
फ्लाइट में कुल 224 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। आपात स्थिति के बीच पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को रनवे 25 पर रात 11:37 बजे सुरक्षित उतार लिया। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित बताया गया।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर सक्रिय किए गए इमरजेंसी प्रोटोकॉल को करीब 11:47 बजे वापस लिया गया। फिलहाल विमान में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है।
