मुरादाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बुधवार को मुरादाबाद में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर निगम मुरादाबाद के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया एवं महापौर विनोद अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा यात्रा बुद्ध बाजार से शुरू होकर जीएमडी रोड, जेल रोड होते हुए एकता द्वार पहुंची और इसके बाद कंपनी बाग में भव्य रूप से संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में शहरवासी यात्रा में शामिल हुए। देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा और शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।
यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। युवा, महिलाएं और विभिन्न वर्गों के लोग तिरंगा लेकर देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक ऋतु तोमर, क्षेत्राधिकारी कोतवाली कुलदीप कुमार गुप्ता, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, बुद्ध बाजार चौकी प्रभारी, कंजरी सराय चौकी प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा ने शहरवासियों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की@शांतनु/INN
