मुरादाबाद। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने जनसुनवाई के दौरान पहुंचे फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न मामलों को लेकर फरियादी पुलिस अधिकारियों के समक्ष पहुंचे। एसएसपी ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों में संचालित जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावशाली एवं संवेदनशील बनाया जाए, ताकि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण वहीं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए। फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उन्हें त्वरित राहत दिलाना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी मॉनीटरिंग की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस व्यवस्था में जनता का विश्वास और मजबूत करने पर जोर दिया@शांतनु/INN
