मुरादाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बुधवार को किसान यूनियन टिकैत की ओर से भगतपुर ब्लॉक क्षेत्र में भव्य ट्रैक्टर मार्च तिरंगा यात्रा निकाली गई। किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष रोहित देवल के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता ट्रैक्टरों पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

ट्रैक्टर मार्च का आयोजन किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रुस्तमपुर तिगरी निवासी नाजिर पाशा के आवास से किया गया। यहां से बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ किसान यात्रा के रूप में रवाना हुए। हाथों में तिरंगा लिए किसान और कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ भारत माता की जय और किसान एकता के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।

यात्रा रुस्तमपुर तिगरी से शुरू होकर पीपलसाना होते हुए भोजपुर स्थित भगतपुर ब्लॉक कार्यालय पहुंची। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। ट्रैक्टरों पर लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों से क्षेत्र का माहौल राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत नजर आया।

यात्रा के दौरान किसान यूनियन के नेताओं ने किसानों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष रोहित देवल ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। किसानों को भी अपने अधिकारों और हितों के लिए संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहना चाहिए।

प्रदेश उपाध्यक्ष नाजिर पाशा ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की एकजुटता ही उनकी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में भोजपुर चेयरमैन पुत्र अर्शमान अंसारी, मुकर्रम चौधरी, वरुण ठाकुर, शाकिर अंसारी, मोहम्मद आलम, नाजिम, अहमद अली समेत बड़ी संख्या में किसान यूनियन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ट्रैक्टर मार्च के दौरान बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी और हाथों में लहराते तिरंगों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यात्रा के चलते पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ किसानों को संगठन की एकजुटता का संदेश देना भी है@जफर/INN
