मुरादाबाद। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय एवं एसकेडीएम पीजी कॉलेज, मुरादाबाद के संयुक्त तत्वावधान में एसकेडीएम पीजी कॉलेज, सिरसवा हरचंद्र (मानपुर) के परिसर में रोजगार मेले और श्रम विभाग के श्रमिक हित लाभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक युवा को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। रोजगार मेले ‘‘रोजगार आपके द्वार’’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि निजी क्षेत्र की कंपनियों के माध्यम से उनके क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपनी योग्यता के अनुरूप चयन प्राप्त करने तथा कार्यस्थल पर मेहनत और हुनर के माध्यम से कंपनी के लिए अपनी उपयोगिता साबित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं और श्रमिकों के हित में लगातार कार्य कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन इसका प्रमाण है। युवा राष्ट्र निर्माण की रीढ़ हैं और उनकी सफलता देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
13 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 500 से अधिक युवा पहुंचे
रोजगार मेले में कुल 13 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में 500 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से 285 युवाओं को चयन का अवसर प्रदान किया गया।
मंडलीय सहायक निदेशक सेवायोजन रत्नेश चंद्र ने रोजगार मेले की रूपरेखा की जानकारी देते हुए युवाओं से अपील की कि वे केवल चयन तक सीमित न रहें, बल्कि चयनित कंपनियों में कार्यभार ग्रहण कर अपनी कार्यक्षमता और कौशल का प्रदर्शन करें।
55 श्रमिकों को 27.45 लाख की सहायता
कार्यक्रम में श्रमिक हित लाभ योजनाओं के तहत कुल 55 लाभार्थियों को 27 लाख 45 हजार रुपये की सहायता राशि के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इनमें कन्या विवाह सहायता योजना के पांच, मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के पांच तथा शिशु मातृत्व एवं बालिका मदद योजना के 45 लाभार्थी शामिल रहे।
सहायक श्रमायुक्त अजीत कनौजिया ने निर्माण श्रमिकों के हित में श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र निर्माण श्रमिक विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण कराकर इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं और श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया गया@जफर/INN
