मुरादाबाद। कटघर थाना पुलिस ने यूनिवर्सल फर्म में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किया गया एल्यूमिनियम का सामान बरामद करने के साथ ही नकब लगाने और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार भी कब्जे में लिए हैं।
मामला बीती 7 जुलाई का है। कटघर क्षेत्र में स्थित यूनिवर्सल फर्म को चोरों ने निशाना बनाया था। आरोपियों ने फर्म की दीवार में सेंध लगाकर एल्यूमिनियम की प्लेटें, सिल्ली और अन्य सामान पार कर दिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। बुधवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने यूनिवर्सल फर्म में चोरी करने की बात स्वीकार की।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इरफान निवासी टांडा, रामपुर, वसीम निवासी सिविल लाइंस, मुरादाबाद और नफीस निवासी गलशहीद, मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात के समय ऐसी फैक्ट्रियों और स्थानों की रेकी करते थे, जहां आवाजाही कम रहती थी। मौका मिलते ही दीवार में सेंध लगाकर सामान चोरी कर लेते थे।
पुलिस के मुताबिक यूनिवर्सल फर्म से चोरी किए गए सामान में से कुछ को आरोपियों ने कबाड़ी के हाथ बेच दिया था। बाकी सामान को उन्होंने छिपाकर रखा हुआ था, ताकि बाद में उसे उचित कीमत पर बेचा जा सके।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एल्यूमिनियम की प्लेटें, प्लास्टिक के कट्टे, कटोरियां समेत अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल ड्रिल मशीन, हथौड़ा, पंचर, लोहे की छेनी और रॉड भी मिली हैं।
पुलिस रिकॉर्ड की जांच में मुख्य आरोपी इरफान का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है@शांतनु/INN
