महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान निहंग के वेश में मौजूद एक व्यक्ति ने उन पर कृपाण से हमला कर दिया।
हमले में सुखबीर सिंह बादल के बाएं हाथ में चोट लगी है। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुई बहस के दौरान आरोपी ने अचानक सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से वार किया। हालांकि, हमले की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
नांदेड़ पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
गौरतलब है कि सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले भी हमला हो चुका है। दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर के बाहर सेवा के दौरान उन पर गोली चलाने की कोशिश की गई थी। उस समय सुरक्षा कर्मियों ने हमलावर को पकड़ लिया था और सुखबीर सिंह बादल सुरक्षित बच गए थे।
