अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा स्थित औद्योगिक क्षेत्र गजरौला में जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन (जेबीएफ) द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रही साइबर क्राइम की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। 10 अगस्त को आयोजित इस कार्यक्रम में पोस्टर, स्लोगन और नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
बृहस्पतिवार को जेबीएफ के कार्यक्रम अधिकारी विशाल गौरव ने जानकारी देते हुए बताया कि फाउंडेशन के तत्वावधान में ब्लॉक के गांव शहबाजपुर डोर में जेबीएफ प्रशिक्षण केंद्र की एक विशेष टीम भेजी गई थी, जिसने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के तरीके समझाए।
अभियान की टीम में शामिल गीता सिंह, पूजा सागर और रजत वर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि संचार क्रांति के इस डिजिटल दौर में मोबाइल का इस्तेमाल हर वर्ग कर रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग और अशिक्षित लोग भी मोबाइल पर सक्रिय हैं, यही कारण है कि हाल के दिनों में साइबर क्राइम का ग्राफ काफी तेजी से बढ़ा है।
टीम ने ग्रामीणों को सतर्क करते हुए बताया कि साइबर ठग मुख्य रूप से महिलाओं और बच्चों को अपना शिकार बनाते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के कॉल करने पर अपना ओटीपी (OTP) नंबर कभी साझा न करें।
इसके अलावा मोबाइल पर आने वाले भ्रामक और लुभावने विज्ञापनों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक को खोलने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांच लें। ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि किसी भी तरह का संदेह हो या धोखाधड़ी की स्थिति बने, तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें/INN
