स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर केंद्र सरकार ने पुलिस, फायर सर्विस, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और जेल सेवाओं से जुड़े 1,057 कर्मियों को वीरता और उत्कृष्ट सेवा के लिए पदक देने की घोषणा की है। इनमें 301 गैलेंट्री मेडल, 92 प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस और 664 मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस शामिल हैं। इसके साथ ही CBI के 21 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है।
घोषित 301 गैलेंट्री मेडल में 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस कर्मी शामिल हैं। इनमें 197 ऐसे कर्मी हैं, जिन्होंने लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म यानी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात रहते हुए असाधारण बहादुरी दिखाई। वहीं जम्मू-कश्मीर के 51, नॉर्थ-ईस्ट के 12 और अन्य क्षेत्रों के 41 कर्मियों को भी वीरता पदक मिला है।
गैलेंट्री मेडल उन कर्मियों को दिया जाता है, जिन्होंने लोगों की जान बचाने, संपत्ति की सुरक्षा करने, अपराध रोकने या अपराधियों को पकड़ने के दौरान उल्लेखनीय साहस और बहादुरी का परिचय दिया हो।
92 कर्मियों को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस से सम्मानित किया गया है। इनमें 83 पुलिस, 4 फायर सर्विस, 3 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड और 2 करेक्शनल सर्विस के कर्मचारी शामिल हैं। यह सम्मान लंबे समय तक उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।
इसके अलावा 664 कर्मियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस दिया गया है। इनमें 606 पुलिसकर्मी, 28 फायर सर्विस कर्मी, 18 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड कर्मी और 12 करेक्शनल सर्विस के कर्मचारी शामिल हैं। यह पदक कर्तव्य के प्रति समर्पण और बेहतर सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
CBI के 21 अधिकारियों और कर्मचारियों को भी राष्ट्रपति पदक के लिए चुना गया है। इनमें 6 अधिकारियों को प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस और 15 को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस मिला है। सम्मान पाने वालों में SP, ASP, DSP, ASI समेत विभिन्न स्तर के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।
CBI के पदक पाने वाले कर्मी दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कोलकाता, जयपुर, पटना, चंडीगढ़, मदुरै और बेंगलुरु सहित कई यूनिट में तैनात हैं। इन पुरस्कारों के जरिए जांच, कानूनी, तकनीकी, प्रशासनिक और फील्ड ड्यूटी में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के काम को सम्मानित किया गया है।
