दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में बुधवार को CNG पंप पर बड़ा हादसा हो गया। गैस भरवाने के दौरान एक ट्रक में लगे सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद मौके पर आग लग गई। हादसे से पंप पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त ट्रक में CNG की रिफिलिंग की जा रही थी। इसी दौरान सिलेंडर फट गया। धमाके की चपेट में आकर CNG भरने वाले एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायर ब्रिगेड को दोपहर करीब 3:46 बजे हादसे की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस और अन्य संबंधित टीमें हादसे की जांच में जुटी हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाका ट्रक के गैस टैंक में CNG भरते समय हुआ। हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी की जा रही है।
