फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेशियन लेकॉर्नू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. लेकॉर्नु न अपनी नई कैबिनेट की नियुक्ति करने के कुछ ही घंटों बाद इस्तीफा दे दिया. उन्होंने इसी साल 9 सितंबर को पीएम के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां ली थीं और एक महीना पूरा होने से पहले ही इस्तीफा भी सौंप दिया. ये फ्रांस की राजनीति को अस्थिर करने वाला है और अब निगाहें इस बात पर टिक गई हैं कि उनकी जगह कौन लेगा?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक लेकॉर्नु ने ऐसा तब किया, जब उनके गठबंधन में शामिल लोगों ने सरकार गिराने की धमकी देनी शुरू कर दी. राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के करीबी माने जाने वाले लेकॉर्नु ने रविवार को ही अपने मंत्रियों की नियुक्ति की थी और सोमवार शाम को कैबिनेट की पहली बैठक भी हुई थी. इसके बाद ही उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया.
