मुरादाबाद। मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। कांठ क्षेत्र के गढ़ी अड्डे के पास हरिद्वार से लौट रहे नेपाली तीर्थयात्रियों की निजी बस आगे चल रही मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक कोठरी से जा टकराई, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के वक्त अधिकांश यात्री सो रहे थे। टक्कर होते ही चीख-पुकार मच गई। घटना में बस चालक समेत 35 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं।

पुलिस और राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह पुलिस बल, एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय निवासियों की मदद से सभी घायल यात्रियों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कांठ पहुंचाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल बस चालक और कई तीर्थयात्रियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

नेपाल से 19 अगस्त को शुरू हुई थी यात्रा
घायल यात्रियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के सनौली सीमा से लगे नेपाल के नवलपरासी और रूपंदेही जिलों के निवासी हैं। वे 19 अगस्त को धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वैष्णो देवी और महाकालेश्वर के दर्शन के बाद वे हरिद्वार से लौट रहे थे। उनका अगला पड़ाव अयोध्या में रामलला के दर्शन का था, जिसके बाद 3 सितंबर को उन्हें नेपाल वापस पहुंचना था।

घायलों की सूची
हादसे में घायल प्रमुख यात्रियों में बस चालक उमेश शुक्ला, रामशरण, जोगेंद्र चौधरी, गणपत, विद्या, रामकिशन यादव, जुगिंद्र चौधरी, विश्वनाथ तेली, कुतारी, चांदमति तेली, सुंदरी यादव, नर्मदा, गैना, प्रभावती, राजू सहानी, अच्छेलाल गुप्ता, शीशकली गुप्ता, इसरावती, बिंदू प्रसाद, दिनेश मिश्रा, अमित, ओमकुमारी, द्रोपदी देवी, जोखूभूत, चंद्रकुमार चौधरी, शोभा महात, आरती केवट, जगदीश प्रसाद केवट,चमेली नेबूलाल और ऋषिराम चौधरी शामिल हैं@शांतनु/INN
