लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारी बारिश के बाद सड़कों की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे करीब 10 से 12 फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया।
हादसे के दौरान एक मोटरसाइकिल गड्ढे में जा गिरी और बाइक सवार युवक उसमें गिरकर घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि यह घटना दिनेश शर्मा के आवास के सामने हुई। सड़क धंसने के बाद मोटरसाइकिल पूरी तरह गड्ढे में समा गई, जिसे बाद में क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
राजधानी के प्रमुख इलाके में हुई इस घटना ने बारिश के दौरान सड़कों की गुणवत्ता और सरकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर आवाजाही प्रभावित रही।
