मुरादाबाद/संभल। जिले में प्रतियोगी व अकादमिक परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग संस्थानों की मनमानी और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। नई तहसील के समीप वासुदेव कॉम्प्लेक्स स्थित ‘स्कॉलर्स डेन कोचिंग सेंटर’ (Scholars Den Coaching Centre) के संचालक पर 2 साल की एडवांस्ड फीस जमा कराने के बाद अचानक कोचिंग सेंटर बंद करने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता ने जनसुनवाई (IGRS) पोर्टल के माध्यम से सीधे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर न्याय और कार्रवाई की गुहार लगाई है।

2 वर्ष की एडवांस्ड फीस ली, अब 2 महीने से सेंटर बंद
संभल जिले के चंदौसी स्थित प्रगति बिहार कॉलोनी निवासी संदीप कुमार पाठक ने मुख्यमंत्री को दी गई शिकायत में बताया कि उनका पुत्र आदित्य नारायण पाठक, मुरादाबाद के सेल्स टैक्स ऑफिस के सामने युवराज एन्क्लेव (फ्लैट नं. 501-502) निवासी विवेक ठाकुर के ‘स्कॉलर्स डेन कोचिंग सेंटर’ में पढ़ाई कर रहा था। कोचिंग सेंटर के मालिक विवेक ठाकुर ने प्रवेश के समय दो वर्ष की पूरी फीस (जो लाखों रुपये में है) जमा करा ली थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पिछले 2 महीने से कोचिंग सेंटर को अचानक बंद कर दिया गया है। पूछने पर प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा, केवल इतना कहा जा रहा है कि क्लासेस अब केवल ऑनलाइन चलेंगी।
8 शिक्षकों ने छोड़ा कोचिंग, बच्चों का भविष्य अधर में
पीड़ित का आरोप है कि संस्थान की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लगभग 8 मुख्य शिक्षक कोचिंग छोड़कर चले गए हैं। ऑनलाइन क्लास के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जिससे पढ़ाई का स्तर पूरी तरह गिर चुका है और बच्चों का भविष्य संकट में पड़ गया है।
न पढ़ाई हो रही, न फीस वापस मिल रही
संदीप पाठक का कहना है कि जब उन्होंने अपनी बची हुई फीस वापस मांगी तो संस्थान प्रबंधन ने साफ इनकार कर दिया अथवा जवाब देना बंद कर दिया। फीस वापस न मिलने के कारण अभिभावक अपने बच्चे का एडमिशन किसी अन्य कोचिंग संस्थान में भी नहीं करा पा रहे हैं, जिससे छात्र का शैक्षणिक सत्र बर्बाद होने की कगार पर है।
छजलेट के अभिभावक भी कर चुके हैं शिकायत, SSP ने दिए जांच के आदेश

उल्लेखनीय है कि स्कॉलर्स डेन कोचिंग और इसके स्वामी विवेक ठाकुर पर इस तरह के आरोप पहली बार नहीं लगे हैं। इससे पूर्व 19 अगस्त को मुरादाबाद के छजलेट निवासी एक और अभिभावक द्वारा विवेक ठाकुर के खिलाफ लाखों रुपये फीस लेकर कोचिंग बंद करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस मामले में भी फीस वापसी और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी, जिसकी जांच वर्तमान में थाना सिविल लाइंस पुलिस कर रही है।
कानूनी कार्रवाई और बची हुई फीस की मांग
अभिभावक संदीप पाठक ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जितने दिन बच्चे ने पढ़ाई की है, उतने दिनों का पैसा काटकर बाकी शेष फीस की रकम तुरंत वापस दिलाई जाए। साथ ही, छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले कोचिंग सेंटर संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए@शांतनु/INN
