अमरोहा(MP Singh)। श्री मोती स्मृति इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज में आयोजित एक दिवसीय संवाद बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव व उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी संजीव आर्या ने सत्तारूढ़ दल पर तीखा हमला बोला। जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया की अध्यक्षता और जिला महासचिव राजकुमार अरुण के संचालन में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के बूथ स्तरीय संगठन को धार देना था।
बैठक में संजीव आर्या ने कहा कि जिस सरकार की पहचान केवल पेपर लीक कांडों और धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति तक सीमित हो गई हो, उससे युवाओं के बेहतर भविष्य की उम्मीद रखना बेमानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान, मजदूर और युवा वर्ग की अनदेखी कर सरकार चंदा जुटाने और विवादों में उलझी है, जिससे जनता की मूल समस्याएं पीछे छूट गई हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ही एकमात्र दल है जो युवाओं और वंचितों के हक की लड़ाई लड़ रही है।
संगठन के स्तर पर कड़ा रुख अपनाते हुए सह-प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पार्टी में केवल सक्रिय, ईमानदार और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि निष्क्रिय पदाधिकारियों को जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर मुस्तैद रहकर जनहित के मुद्दों पर सड़क पर उतरने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एआईसीसी सदस्य सचिन चौधरी, प्रवक्ता डॉ. मेराज हुसैन, मुरादाबाद जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर, चौधरी सुखराज सिंह और हाजी खुर्शीद अलवर समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे@MP SINGH/INN
