उत्तर प्रदेश के कानपुर के मेस्टन रोड पर बुधवार को एक जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे खड़ी दो स्कूटी में अचानक धमाका हुआ, जिसमें आठ से अधिक लोग घायल हो गए. घायलों को तत्काल उर्सुला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि विस्फोट के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. चूंकि यह क्षेत्र भीड़-भाड़ वाला है और दीपावली से पहले यहां पटाखों का अवैध भंडारण किए जाने की चर्चाएं रहती हैं, इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि धमाका इन्हीं पटाखों के कारण हुआ होगा.
विस्फोट इतना तेज था कि पास स्थित मरकज मस्जिद की दीवारों में भी दरारें आ गईं. हालांकि पुलिस का कहना है कि धमाका सड़क किनारे खड़ी दो स्कूटी में हुआ. वहीं, अब तक उर्सुला अस्पताल में आठ घायलों को भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है. ये स्कूटी किसकी थीं, पुलिस ने उसकी तलाश कर ली है.
धमाका इतना जोरदार था कि उसकी गूंज लगभग 500 मीटर दूर तक सुनाई दी. आवाज सुनकर लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया.
