हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या मामले में उनकी पत्नी और IAS अधिकारी अमनीत पी. कुमार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं. अमनीत का कहना है कि उनके पति के 8 पन्नों के सुसाइड नोट और औपचारिक शिकायत के बावजूद अब तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई, क्योंकि इसमें हरियाणा पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं.
पत्र में अमनीत ने लिखा, मेरे पति के सुसाइड नोट में जिन वरिष्ठ अधिकारियों के नाम हैं, उन्हें अब तक किसी जांच का सामना नहीं करना पड़ा. शक्तिशाली अफसर जांच को प्रभावित कर रहे हैं, इसलिए पुलिस कोई कदम नहीं उठा रही. सशक्त अफसरों के कारण कार्रवाई नहीं हो रही. उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी अधिकारी अब उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने या फंसाने की कोशिश कर सकते हैं.
अमनीत, घटना के वक्त जापान में सरकारी दौरे पर थीं. उन्होंने बताया कि उन्हें पति का सुसाइड नोट और वसीयत मिलने के बाद उन्होंने लगातार 15 बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी को घर भेजा, जहां वाई पूरन कुमार बेसमेंट में रिक्लाइनर चेयर पर मृत मिले. अमनीत ने यह भी दावा किया कि उनके पति को 2023 में ही अंदेशा था कि उन्हें झूठे केस में फंसाया जाएगा, और यह साजिश DGP कपूर के निर्देश पर रची गई थी.
