दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके समेत तीन नेताओं को हिरासत में ले लिया। मुंबई से दिल्ली पहुंचे दीपके को एयरपोर्ट पर फ्लाइट के अंदर से ही पुलिस अपने साथ ले गई। उनके साथ सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
इस कार्रवाई पर CJP ने कड़ी नाराजगी जताई है। पार्टी का आरोप है कि प्रदर्शन को कमजोर करने के उद्देश्य से उसके प्रमुख नेताओं को पहले से योजना बनाकर हिरासत में लिया गया। पार्टी ने पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए तीनों नेताओं की बिना शर्त रिहाई की मांग की है।
वहीं, हिरासत की कार्रवाई के दौरान अभिजीत दीपके फेसबुक पर लाइव थे। उन्होंने पुलिस से कहा, “मैं खुद यहां गिरफ्तार होने आया हूं, गिरफ्तार करें।” हालांकि, पुलिस ने उनसे कहा कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है और कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की। इस घटनाक्रम के बाद दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
