दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई में भी प्रदर्शन की तैयारी थी। इसी बीच मुंबई पुलिस ने महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को हिरासत में ले लिया। वह दक्षिण मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शन करने वाले थे।
जानकारी के मुताबिक, तुषार गांधी ने समर्थकों से दोपहर 3:30 बजे अगस्त क्रांति मैदान पहुंचने की अपील की थी। हालांकि, कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें बांद्रा/सांताक्रूज इलाके से हिरासत में लेकर डीएन नगर पुलिस स्टेशन पहुंचा दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी। साथ ही, अदालत के नियमों के तहत अगस्त क्रांति मैदान में सभा की अनुमति नहीं है। हिरासत में लिए जाने के बावजूद तुषार गांधी ने समर्थकों से प्रदर्शन के लिए जुटने की अपील की है।
