मुरादाबाद। विकासखंड मूंढापांडे में बुधवार को आयोजित विशेष कैंप के दौरान कुंदरकी भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर युवाओं को ऋण प्राप्त करने में आ रही समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और पात्र आवेदकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में विधायक ने अधिकारियों से कहा कि स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऋण संबंधी प्रक्रियाओं को सुगम बनाया जाना आवश्यक है। पात्र युवाओं को आवेदन प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उनके आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।
ठाकुर रामवीर सिंह ने निर्देश दिए कि ऋण के लिए आवेदन करने वाले पात्र युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि वे अपने रोजगार और व्यवसाय की शुरुआत कर सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना महत्वपूर्ण है।

विधायक ने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। विशेष कैंप का उद्देश्य युवाओं को ऋण संबंधी समस्याओं से राहत दिलाना और उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है@जफर/INN
