मुरादाबाद। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के दौरान महिला मतदाताओं की सुविधा और सुगम मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मुरादाबाद में पिंक बूथ यानी सखी बूथ स्थापित किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 27-मुरादाबाद (ग्रामीण) विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-78, कृषि उत्पादन मंडी समिति, मझोला, मुरादाबाद में पिंक बूथ बनाया जाएगा। इस विशेष बूथ का उद्देश्य महिला मतदाताओं को अनुकूल एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारु बनाना है।
उन्होंने बताया कि बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। पिंक बूथ की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे महिला मतदाताओं को मतदान के दौरान बेहतर सुविधा मिल सकेगी@शांतनु/INN
