मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को मंडलायुक्त, मुरादाबाद मंडल श्रीमती संगीता सिंह की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, अभ्यर्थियों की संख्या, परीक्षा संचालन से संबंधित दायित्वों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती तथा पुलिस बल की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।
आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 1 नवम्बर 2026 को किया जाना प्रस्तावित है। परीक्षा प्रत्येक निर्धारित तिथि पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक निर्धारित है। इस प्रकार तीनों तिथियों में कुल छह पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
मुरादाबाद मंडल में 107 परीक्षा केंद्र निर्धारित
मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर एवं अमरोहा जनपदों में कुल 107 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
जनपद मुरादाबाद में 52 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 23,352 अभ्यर्थियों के परीक्षा में सम्मिलित होने की व्यवस्था की गई है। मंडल में सर्वाधिक परीक्षा केंद्र एवं अभ्यर्थी इसी जनपद में हैं।
जनपद बिजनौर में 23 परीक्षा केंद्रों पर 10,656 अभ्यर्थियों की परीक्षा की व्यवस्था की गई है।
जनपद रामपुर में 17 परीक्षा केंद्र निर्धारित हैं, जहां 5,664 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
जनपद अमरोहा में 15 परीक्षा केंद्रों पर 7,104 अभ्यर्थियों के परीक्षा में सम्मिलित होने की व्यवस्था की गई है।
इस प्रकार मुरादाबाद मंडल में कुल 107 परीक्षा केंद्रों पर 46,776 अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित किए जाने की व्यवस्था है। बैठक में प्रस्तुत तीन दिवसीय परीक्षा की प्रथम एवं द्वितीय पालियों के समेकित विवरण के अनुसार कुल 2,80,656 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
मंडलायुक्त ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए मंडल के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं का समय रहते सत्यापन कर लिया जाए। परीक्षा से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके दायित्वों की स्पष्ट जानकारी हो, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति तथा परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
मंडलायुक्त ने परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही अभ्यर्थियों के लिए सुव्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया@शांतनु/INN
