मुरादाबाद। औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पी वी आर लेबर अड्डा, हरथला कांठ रोड पर ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया गया।

शिविर में सीएल गुप्ता आई हॉस्पिटल के चिकित्सकों द्वारा लगभग 93 श्रमिकों की आंखों की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार 32 श्रमिकों को निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। शिविर के माध्यम से श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न बीमारियों से बचाव एवं समय पर उपचार के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

शिविर में श्रम विभाग की टीम द्वारा कुल 27 निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण किया गया। इसके साथ ही डिजिटल लेबर चौक ऐप के संबंध में श्रमिकों को जानकारी दी गई तथा उनके मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराकर पंजीकरण कराया गया। श्रमिकों को ऐप के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने के अवसरों के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारीगण श्री केपी सिंह, श्री दुर्गेश सिंह एवं श्री सुधीर कुमार द्वारा श्रमिकों को पंजीयन, नवीनीकरण तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे श्रमिक इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

शिविर में सहायक श्रमायुक्त, मुरादाबाद, श्रम प्रवर्तन अधिकारीगण एवं श्रम विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
