मुरादाबाद। डिलारी थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मौहम्मद जावेद पुत्र शरीफ अहमद, निवासी मोहल्ला बेहड़ावाला, थाना ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को ग्राम बुढनपुर निवासी ललित कुमार पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश ने डिलारी थाने में तहरीर देकर अपने भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। शिकायत में हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 182/2026 दर्ज किया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 61(2) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
विवेचना के दौरान मौहम्मद जावेद का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद डिलारी पुलिस ने 18 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की गिरफ्तारी
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमरपाल सिंह, उपनिरीक्षक घनश्याम गौतम और कांस्टेबल विकास अधाना शामिल रहे। तीनों पुलिसकर्मी थाना डिलारी में तैनात हैं@जफर/INN
