जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में बुधवार सुबह एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गुल्ली गला इलाके के पास बस अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जबकि एक बच्ची की मौत की भी खबर सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, बस सुबह करीब 6:45 बजे पंचौंड से ऊधमपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 7:30 बजे लाटी मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को निजी वाहनों की मदद से उप जिला अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 16 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। इनमें से कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार दिया जा रहा है। वहीं, दुर्घटनास्थल पर सड़क की खराब स्थिति को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ऊधमपुर के उपायुक्त अनंत द्विवेदी से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। प्रशासन और बचाव दल मौके पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटे हैं। हादसे में हताहतों की संख्या और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
