मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुर में 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और विरोध करने पर परिजनों के साथ गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की शिकायत पर भोजपुर थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विपिन कुमार को सौंपी है।
प्राप्त एफआईआर के अनुसार, खानपुर गांव निवासी प्रेमवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 14 अक्टूबर 2026 की रात गांव के ही विष्णु पुत्र राकेश उनके घर आया और उनकी 16 वर्षीय पुत्री नेहा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस मामले में विष्णु के पिता राकेश, विशाल और अभिषेक से कई बार अपनी पुत्री को वापस दिलाने के लिए कहा गया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
बेटी को वापस मांगने पर विवाद का आरोप
शिकायत में प्रेमवती ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने अपनी पुत्री को वापस भेजने के लिए कहा तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि 20 अक्टूबर को सुबह करीब सात बजे आरोपित पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करने के लिए आमादा हो गए। पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, प्रेमवती की लिखित शिकायत पर 20 अक्टूबर 2026 को भोजपुर थाने में एफआईआर संख्या 0466 दर्ज की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 137(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। प्राथमिकी में चार लोगों के नाम दर्ज हैं।
विवेचना उपनिरीक्षक विपिन कुमार को सौंपी
एफआईआर में दर्ज विवरण के अनुसार, मामले की जांच उपनिरीक्षक विपिन कुमार को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी और प्रकरण से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
